पौड़ी गढ़वाल। सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन (GMOU) की एक बस दुगड्डा और गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। बस में चालक समेत कुल 30 लोग सवार थे। राहत की बात रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की जानकारी है, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रेशर पाइप फटने से बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के अनुसार, GMOU की बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी।
बताया गया कि सड़क पर ढलान होने के कारण बस पीछे की ओर खिसकने लगी। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नियंत्रण से बाहर होकर सड़क के बाईं ओर खाई में जा गिरा। इस दौरान बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दुगड्डा और गुमखाल पुलिस चौकियों के साथ लैंसडौन कोतवाली से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयासों से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आने की जानकारी से राहत मिली। पहाड़ी मार्ग पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर वाहनों की तकनीकी स्थिति और ढलान वाले रास्तों पर सतर्कता की अहमियत को सामने ला दिया।
सत्य संवाद 24×7

