देहरादून। सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड में पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में करीब 1,600 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ ही पुलिस थानों के आवश्यक कार्यों के लिए वार्षिक बजट को ₹4 करोड़ से बढ़ाकर ₹8 करोड़ करने का ऐलान किया। सरकार के इन कदमों का उद्देश्य पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने, आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने और जवानों की सुविधाओं में सुधार करना है।
पुलिस स्मृति दिवस पर CM धामी की 8 प्रमुख घोषणाएं
- 1,600 पदों पर भर्ती: उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- थानों का बजट दोगुना: पुलिस थानों के आवश्यक कार्यों का वार्षिक बजट ₹4 करोड़ से बढ़ाकर ₹8 करोड़ किया जाएगा।
- आधुनिक जांच किट: विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराई जाएंगी।
- पुलिस मॉडर्न स्कूलों का उन्नयन: प्रदेश के सभी पुलिस मॉडर्न स्कूलों को बेहतर बनाया जाएगा।
- ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण: देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल बनाया जाएगा।
- बहुमंजिला बैरक: पुलिसकर्मियों के रहने की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बहुमंजिला बैरक का निर्माण किया जाएगा।
- पुलिस अस्पताल का उच्चीकरण: पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
- थानों और चौकियों की समीक्षा: कार्मिकों की जरूरत के अनुसार पदों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
कर्तव्य निभाते हुए 154 जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में देशभर में 154 पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। इनमें उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार भी शामिल हैं।
उन्होंने शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी जनता की सुरक्षा के लिए दिन-रात काम करते हैं। त्योहारों से लेकर प्राकृतिक आपदाओं तक, हर परिस्थिति में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पुलिस की जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं।
नशा तस्करी और साइबर अपराध पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने नशा तस्करी और साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि सरकार ड्रग फ्री उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे की रोकथाम के लिए त्रिस्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित की गई है।
साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए करीब ₹32 करोड़ की लागत से स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर का निर्माण भी प्रगति पर है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क के अंतर्गत क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित की गई है।
चारधाम और कांवड़ यात्रा में पुलिस की भूमिका की सराहना
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा में 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रा में लगभग पांच करोड़ यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में पुलिस के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट सेवाओं के लिए इस वर्ष 319 पुलिसकर्मियों को विभिन्न पदकों और सम्मान चिह्नों से अलंकृत किया गया है।
उत्तराखंड पुलिस का प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर्स’ के लिए नामित होना भी प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
पुलिसकर्मियों के कल्याण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री के अनुसार, पुलिस आवास संतुष्टि दर 18 प्रतिशत से बढ़कर 22 प्रतिशत हो गई है, जिसे 30 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस वर्ष 785 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है। मृतक पुलिसकर्मियों के 24 आश्रितों को नियुक्तियां भी प्रदान की गई हैं।
पुलिसकर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, तनाव प्रबंधन के कार्यक्रम आयोजित करने और उनके परिवारों के लिए बेहतर आवास एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि राज्य गठन के बाद से अब तक उत्तराखंड पुलिस के 206 कार्मिक कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दे चुके हैं। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रित परिवारों को दी गई आर्थिक सहायता और मेधावी बच्चों को प्रदान की गई छात्रवृत्ति की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7

