रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। जगतपुरा के युवा व्यापारी नितेश कुमार की हत्या के बाद क्षेत्र में भड़के आक्रोश के बीच नगर निगम ने मुख्य आरोपी से जुड़े मकानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। शनिवार को महापौर विकास शर्मा नगर निगम की टीम और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में तीन मकानों के अवैध पाए गए हिस्सों को ध्वस्त कराया गया, जबकि पांच मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए। महापौर ने 15 दिन में विस्तृत जांच पूरी कर अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन धरने से उठे और अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।
शव घर पहुंचते ही धरने पर बैठ गए परिजन
शुक्रवार को जिला अस्पताल में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद जगतपुरा निवासी नितेश कुमार की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव घर के बाहर रखकर धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और मुख्य आरोपी से जुड़े मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार बातचीत कर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पांच मकानों पर नोटिस, तीन में अवैध हिस्से ध्वस्त
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर विकास शर्मा मौके पर पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों को संबंधित मकानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पांच मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए। प्रारंभिक जांच में तीन मकानों में अवैध पाए गए हिस्सों को जेसीबी से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बाहर निकले छज्जे, स्लैब और टीन शेड ध्वस्त किए गए।
15 दिन में पूरी होगी भवनों की जांच
महापौर ने बताया कि संबंधित भवनों की विस्तृत जांच के लिए एसएनए रणदीप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। भवनों के नक्शे और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। मकान स्वामियों को वैध नक्शे और निर्माण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच में जहां भी अवैध निर्माण पाया जाएगा, वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के संबंध में भी मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि नितेश की मौत से परिवार को हुई क्षति अपूरणीय है, लेकिन उन्हें न्याय दिलाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से इस संवेदनशील घटना पर राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की अपील की।
नगर निगम की कार्रवाई से संतुष्ट हुआ परिवार
महापौर से बातचीत और नगर निगम की कार्रवाई शुरू होने के बाद परिजन शांत हुए। मृतक के भाई ने मीडिया से बातचीत में निगम की कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि परिवार को 15 दिन का समय दिए जाने के बाद उम्मीद है कि जांच पूरी कर अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के भाई ने हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की। महापौर ने परिवार को आश्वस्त किया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

