साफ-सफाई और मशीनों के रखरखाव में सुधार के निर्देश, मरीजों के तीमारदारों की समस्याओं के समाधान पर दिया जोर
हल्द्वानी, 24 अक्टूबर। सत्य संवाद 24×7। नैनीताल–उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने हल्द्वानी स्थित बेस अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सांसद अजय भट्ट ने अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति, चिकित्सा उपकरणों और मशीनों के रखरखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के तीमारदारों को होने वाली परेशानियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाई जाए और सभी चिकित्सा उपकरणों का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने अस्पताल में मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मरीजों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने मौके पर ही नैनीताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर वार्ता की और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने को कहा।
अजय भट्ट ने जोर दिया कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरीजों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सत्य संवाद 24×7

