देहरादून,सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के चंदरनगर क्षेत्र में देर रात सरकारी विभाग की नेम प्लेट लगी बोलेरो ने जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी पांच स्कूटी और दो बाइक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में एक युवक भी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बोलेरो में सवार चार युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
कृषि विभाग की नेम प्लेट लगी थी बोलेरो पर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो पर उत्तराखंड कृषि विभाग के उपनिदेशक की नेम प्लेट लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि वाहन कृषि विभाग में अनुबंध पर लगाया गया था। हालांकि, वाहन के इस्तेमाल और घटना के समय उसे कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद मौके से फरार हुए चार युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक की मदद करने के साथ वाहन सवारों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान चारों युवक बोलेरो छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से बोलेरो को जब्त कर कोतवाली पहुंचाया। पुलिस अब फरार युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है।
राजपुर रोड पर भी हुआ हादसा
इसी बीच देहरादून के राजपुर रोड क्षेत्र में भी एक कार बिजली के पोल पर चढ़ गई। इस घटना में चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि चंदरनगर हादसे के समय बोलेरो कौन चला रहा था और वाहन पर लगी सरकारी नेम प्लेट के इस्तेमाल की वास्तविक स्थिति क्या थी।
सत्य संवाद 24×7

