रुद्रपुर। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 3 नवंबर को रुद्रपुर में आयोजित होने जा रही ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पदयात्रा में मुख्यमंत्री की सहभागिता को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री के रुद्रपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने पदयात्रा के आयोजन, उद्देश्य और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस पदयात्रा में शामिल होंगे। उनके नेतृत्व में निकलने वाली यह पदयात्रा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और अराजकता के विरुद्ध जनजागरण का संदेश देगी।
राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि इस आयोजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और शहर में जनभागीदारी देखने को मिलेगी।
गांधी पार्क से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरेगी पदयात्रा
उन्होंने बताया कि पदयात्रा का शुभारंभ गांधी पार्क से होगा। यहां से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पदयात्रा बाटा चौक, भगत सिंह चौक और अग्रवाल धर्मशाला मार्ग होते हुए काशीपुर बाईपास मार्ग से गुजरेगी। इसके बाद पदयात्रा पुनः गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न होगी। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली इस पदयात्रा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने आमजन और पार्टी कार्यकर्ताओं से पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी से आयोजन को विशेष महत्व मिलेगा और पार्टी का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर और राकेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सत्य संवाद 24×7/सच के साथ, हर वक्त

