रुड़की,सत्य संवाद 24×7।हरिद्वार जिले के पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक परिसर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी के 27 वर्षीय बेटे का बैग लावारिस हालत में मिलने के बाद उसके लापता होने का मामला सामने आया है। बैग में लैपटॉप, पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज मिलने के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
लापता युवक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके पिता शंकर सिंह बिहार के निवासी हैं और भारतीय वायुसेना में अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में है।
17 अक्टूबर को दरगाह परिसर में मिला था बैग
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को पिरान कलियर थाना पुलिस को दरगाह साबिर पाक परिसर में एक काले रंग का बैग मिला था। तलाशी लेने पर उसमें लैपटॉप, पासपोर्ट और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। दस्तावेजों के आधार पर बैग के मालिक की पहचान सत्यम के रूप में की गई, जिसके बाद पुलिस ने उनके पिता को सूचना दी।
18 अक्टूबर को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग सत्यम के पिता को सौंप दिया गया। हालांकि, सत्यम का पता नहीं चलने के कारण परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर था सत्यम
जानकारी के अनुसार, सत्यम एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था। परिजनों का कहना है कि उसने करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। बताया गया है कि पिछले काफी समय से सत्यम और उसके पिता के बीच संपर्क नहीं हो पा रहा था।
युवक के अचानक लापता होने और उसका बैग दरगाह परिसर में मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, उसके लापता होने के पीछे क्या कारण हैं, इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, सत्यम के पिता की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवक का पता लगाने के लिए विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि उसकी गतिविधियों और लापता होने से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सत्यम की तलाश जारी है।
सत्य संवाद 24×7

