किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर)। सत्य संवाद 24×7। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की संदिग्ध आतंकवादी हमले में हत्या का मामला सामने आया है। डाच्छन-मरवाह के दुर्गम इलाके में गश्त के दौरान लापता हुए दोनों जवानों के शव गुरुवार सुबह ढेरना टॉप क्षेत्र से बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। वहीं, उनके पास मौजूद हथियार भी गायब बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रशपाल कुमार और 54 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक जवान के सिर और दूसरे की पीठ पर गोली लगने के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने घात लगाकर दोनों पर हमला किया और वारदात के बाद उनके हथियार लेकर फरार हो गए।
साथियों को राहत देने जा रहे थे दोनों जवान
जानकारी के अनुसार, रशपाल कुमार और बाबी चंद सेना के साथ गश्त ड्यूटी पर तैनात थे। दोनों ढेरना पोस्ट पर मौजूद अपने दो साथियों को राहत देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। बताया गया कि इलाके में दिन के समय गोली चलने की आवाजें भी सुनी गई थीं।
काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन चालू थे और संपर्क भी हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के फोन बंद हो गए। इसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया।
शवों के पास से INSAS और .303 राइफलें गायब
कई घंटों की तलाश के बाद गुरुवार सुबह सर्च टीम को दोनों जवानों के शव ढेरना टॉप इलाके में मिले। शुरुआती जांच में गोली लगने के निशान सामने आए हैं। दोनों जवानों के पास INSAS और .303 राइफलें थीं, लेकिन शव बरामद होने के समय ये हथियार मौके पर नहीं मिले।
हथियार गायब होने के कारण हमले के बाद उन्हें ले जाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
हमलावरों की तलाश में संयुक्त अभियान
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जंगलों और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में हमलावरों की तलाश की जा रही है। इस वारदात के बाद किश्तवाड़ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अक्टूबर में भी मिला था एक SPO का शव
गौरतलब है कि 16 अक्टूबर को किश्तवाड़ के वानीपोरा त्रिगाम इलाके में 55 वर्षीय SPO बशीर अहमद का शव उनके घर के पास मिला था। वह पेडिल पुलिस पोस्ट पर तैनात थे। शुरुआती तौर पर उनके लापता होने और सर्विस राइफल साथ होने की जानकारी सामने आई थी। बाद की पुलिस जांच में जमीन विवाद के चलते उनके रिश्तेदारों द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।
फिलहाल दो SPO की हत्या के मामले में पुलिस और सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। जांच के बाद ही हमले की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

