हल्द्वानी के होटल में युवक की संदिग्ध मौत, महिला मित्र से पूछताछ; पावर वाली गोली लेने की चर्चा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हल्द्वानी,सत्य संवाद 24×7।हल्द्वानी में रामपुर रोड पर सरगम सिनेमा के पास स्थित एक होटल के कमरे में 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के समय युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में रुका हुआ था। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

होटल में बीयर पीने की बात आई सामने

जानकारी के अनुसार, मृतक टनकपुर रोड का रहने वाला था और ट्रांसपोर्ट नगर में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवक और उसकी महिला मित्र ने होटल में बीयर का सेवन किया था। युवक द्वारा सेक्सवर्धक दवा लेने की बात भी सामने आई है, लेकिन इसका मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

Advertisement

महिला मित्र से पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस के अनुसार, महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और युवक की पुरानी परिचित है। दोनों शादीशुदा थे। युवक के तीन और महिला के दो बच्चे हैं। बताया गया है कि दोनों के मेल-जोल को लेकर युवक के परिवार में पहले से विवाद चल रहा था।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी परिस्थिति को युवक की मौत का निश्चित कारण नहीं बताया है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल किसी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। पुलिस महिला मित्र से पूछताछ करने के साथ अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सत्य संवाद 24×7