रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7।धनतेरस, दीपावली और भैयादूज के त्योहारों को देखते हुए रुद्रपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि मुख्य बाजार क्षेत्र में दुपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित की जाएगी।
इन चार स्थानों से भारी वाहनों की नो एंट्री
निर्धारित अवधि में शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश चार स्थानों से पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इनमें राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर (किच्छा रोड), ऐमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर (काशीपुर रोड), रामपुर बॉर्डर और पार्ले चौक (नैनीताल रोड) शामिल हैं। नो एंट्री के दौरान भारी वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे।
मुख्य बाजार में ठेली और सामान लगाने के लिए तय स्थान
बाजार क्षेत्र में सफेद पट्टी के बाहर किसी भी प्रकार की ठेली, सामान या वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। मुख्य मार्ग के मध्य लगने वाली ठेलियों के लिए अंबेडकर पार्क निर्धारित किया गया है। यदि वहां जगह कम पड़ती है तो अग्रसेन चौक से बाटा चौक की ओर सड़क के बीच ठेलियां लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग
यातायात प्लान के तहत अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
- इंद्रा चौक से आने वाले वाहन: सिब्बल सिनेमा और सिंचाई विभाग की पार्किंग में खड़े होंगे।
- किच्छा बाईपास से आने वाले वाहन: मोदी मैदान और झील के पास स्थित पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।
- गाबा चौक एवं भूरारानी से आने वाले वाहन: सिटी क्लब के पास और गल्ला मंडी में पार्क होंगे।
- मुख्य बाजार से आने वाले वाहन और व्यापारी: गांधी पार्क में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
नेशनल हाईवे पर किसी भी वाहन को पार्क करने या ठेली व सामान लगाने की अनुमति नहीं होगी।
बाजार में इन स्थानों पर लगेंगे बैरियर
मुख्य बाजार में दुपहिया और चौपहिया वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए बाटा चौक, अग्रसेन चौक, गुड़ मंडी/विधवानी मार्केट, गल्ला मंडी (आरा मशीन के पास) तथा काशीपुर बाईपास रोड से मुख्य बाजार की ओर जाने वाले प्रमुख आंतरिक मार्गों पर बैरियर लगाए जाएंगे।
बाजार के अंदर ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित
पुलिस की ओर से जारी विशेष निर्देश के अनुसार, 6 से 11 नवंबर तक निर्धारित समय में बाजार के अंदर सभी ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस ने वाहन चालकों, व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस व्यवस्था में सहयोग करें।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

