उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न! बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन, 10 जिलों में आकाशीय बिजली का अलर्ट

देहरादून। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। प्रदेशभर में तापमान में गिरावट आने से ठंड और ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Advertisement

3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। अन्य जिलों के कुछ स्थानों पर भी हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

10 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी

बारिश और तेज हवाओं के बीच मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।

अल्मोड़ा में भी बदलेगा मौसम

अल्मोड़ा जिले में भी आज बारिश की संभावना जताई गई है। यहां सुबह और शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त