रुद्रपुर में धूमधाम से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, आंदोलनकारियों सहित कई प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

रुद्रपुर, सत्य संवाद24×7। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को रुद्रपुर के श्रीराम पार्क में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को सम्मानित कर राज्य निर्माण के संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया गया। वहीं स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में समां बांध दिया।

समारोह के दौरान नगर निगम कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।

Advertisement

दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, सुरेश कोली, उत्तम दत्ता, एडीएम पंकज उपाध्याय और एसडीएम मनीष बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद अतिथियों ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को भावपूर्ण ढंग से याद किया गया।

लोकगीतों और लोकनृत्यों ने बांधा समां

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगीतों, लोकनृत्यों और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।

चित्रकला, नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।

आंदोलनकारियों, पर्यावरण मित्रों और प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मंच पर राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित कर राज्य निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। इसके साथ ही नगर निगम कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों को भी सम्मान प्रदान किया गया, जो शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।

राज्य आंदोलनकारियों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता: महापौर विकास शर्मा

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि जिन आंदोलनकारियों ने अलग राज्य के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना संघर्ष किया, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पर्यटन और आध्यात्मिक पहचान के साथ-साथ प्रदेश खेलों के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक उत्तराखंडी को राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।

उन्होंने समारोह में राज्य आंदोलनकारियों के साथ पर्यावरण मित्रों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वालों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किए जाने की पहल की सराहना की।

सामूहिक प्रयासों से बनेगा सपनों का उत्तराखंड: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और आंदोलनकारियों के बलिदान का परिणाम है। राज्य स्थापना दिवस हमें उनके योगदान को याद करने और उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराने का अवसर देता है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। समाज के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले व्यक्तियों का सम्मान दूसरों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने का आह्वान: विधायक शिव अरोरा

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और प्रदेश की जनता की एकजुटता का परिणाम है। स्थापना दिवस हमें गौरवशाली इतिहास के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ प्रदेश को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने सभी से आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।

कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद

समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, अनिल चौहान, गदरपुर पालिकाध्यक्ष मिंटू गुम्बर, राकेश सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक, राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

सत्य संवाद24×7