परिवार संग विधायक शिव अरोरा ने मनाई दीपावली, रंगोली और दीपों से जगमगाया विधायक आवास

रुद्रपुर, सत्य संवाद24×7। दीपावली के पावन पर्व पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास और उत्साह के बीच दीपोत्सव मनाया। इस अवसर पर विधायक आवास को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। रंग-बिरंगे फूलों से तैयार मनमोहक रंगोली और जगमगाते दीपों ने आवास की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।

विधायक शिव अरोरा ने परिवार के साथ दीप प्रज्वलित कर दीपावली का पर्व मनाया और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। दीपों की रोशनी और रंगोली की आकर्षक सजावट के बीच विधायक आवास पर उत्सव का माहौल देखने को मिला।

Advertisement

दीपावली अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक: शिव अरोरा

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि दीपावली का पर्व हर्ष, उमंग और प्रकाश का प्रतीक है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटने की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। उसी परंपरा को आज भी सनातन समाज पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ मनाता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली हमें अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देती है। प्रभु श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे और मां लक्ष्मी का प्रत्येक घर में वास हो। सभी परिवारों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए, यही उनकी मंगलकामना है।

प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र सहित समस्त उत्तराखंडवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में खुशियों, सकारात्मकता और समृद्धि की कामना की।

सत्य संवाद24×7