हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों युवक शहर में चर्चित बताए जा रहे आईटीआई गैंग से जुड़े हैं। मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
होटल में ले जाकर अपराध करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवकों ने नाबालिग बच्ची को डराया-धमकाया और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
छह घंटे के भीतर चारों आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी स्वयं मामले की कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस का संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नाबालिग बच्चों और बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

