वीडियो में देखें: भीमताल के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, मलबे में दबकर महिला समेत 2 श्रमिकों की मौत, 1 घायल; मालिक-ठेकेदार पर कार्रवाई

भीमताल (नैनीताल),सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 22 अक्टूबर को निर्माण कार्य के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, निर्माण कार्य से संबंधित मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वीडियो में देखें: भीमताल के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, मलबे में दबकर महिला समेत 2 श्रमिकों की मौत, 1 घायल; मालिक-ठेकेदार पर कार्रवाई

Advertisement

निर्माण के दौरान अचानक गिरा मलबा

पुलिस को 22 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रमिक दीवार का बेस तैयार करने में जुटे थे। इसी दौरान ऊपर से अचानक मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना का समय दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच बताया गया है।

महिला समेत दो श्रमिकों की मौत, एक घायल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गौरी देवी (38 वर्ष), पत्नी महेंद्र, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हल्द्वानी, हाल निवासी निसौला, भीमताल और हरीश थापा (18 वर्ष), पुत्र दीपक थापा के रूप में हुई है।

वहीं, घायल श्रमिक की पहचान नेत्र बहादुर उर्फ संजू के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भीमताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, तीनों श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली श्रीमती अंजना नेगी और भीमताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान में अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।

घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और निर्माण कार्य से संबंधित मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच भी जारी है।

सत्य संवाद 24×7