रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। शहर के त्रिशूल चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनेशपुर की बताई जा रही एक महिला करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस प्रशासन ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी समझाने के बावजूद महिला नीचे आने को तैयार नहीं थी।
विधायक शिव अरोरा ने माइक से की अपील
इसी दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के सिलसिले में हरिद्वार से रुद्रपुर पहुंचे विधायक शिव अरोरा को घटना की जानकारी मिली। वह तत्काल मौके पर पहुंचे और माइक के माध्यम से महिला से लगातार नीचे आने की अपील की। विधायक ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
सीओ वैभव सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फायर सर्विस और एनडीआरएफ के जवानों के साथ मिलकर बचाव प्रयास किए। विधायक की समझाइश और टीमों के आपसी समन्वय के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। राहत की बात रही कि घटना में उसे कोई चोट नहीं आई।
महिला को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
नीचे आने के बाद विधायक शिव अरोरा ने महिला से बातचीत कर उसकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। पुलिस प्रशासन ने भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
विधायक ने बचाव अभियान में शामिल सीओ वैभव सैनी के नेतृत्व वाली पुलिस टीम, फायर सर्विस और एनडीआरएफ के जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी टीमों के धैर्य, सूझबूझ और बेहतर समन्वय से एक बड़ा हादसा टल गया।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
