पिथौरागढ़। सत्य संवाद 24×7।आदि कैलाश यात्रा पर उच्च हिमालयी क्षेत्र पहुंचे मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी 27 वर्षीय पर्यटक की गुरुवार रात मौत हो गई। आदि कैलाश के दर्शन के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गुंजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पर्यटक की मौत का कारण हृदयघात होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल शव धारचूला मोर्चरी में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के इंदौर नगर निगम रोड स्थित 24 शटर गली निवासी तिलक शर्मा पुत्र मनोज शर्मा अपने सात-आठ दोस्तों के साथ आदि कैलाश यात्रा पर पहुंचे थे। गुरुवार को समुद्र तल से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर आदि कैलाश के दर्शन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी।
तिलक की बिगड़ती हालत को देखते हुए उनके साथी उन्हें तत्काल गुंजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान कुछ समय बाद तिलक ने दम तोड़ दिया।
इधर धारचूला के प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि मृतक पर्यटक का शव धारचूला लाया गया है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

