रुड़की,सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड के पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस के कमरे में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गेस्ट हाउस में किराये पर लिया था कमरा
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले के निराना गांव निवासी आतिफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था और मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि युवती से किसी बात को लेकर नाराजगी के बाद वह बुधवार रात करीब 11 बजे पिरान कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर लिया।
वीडियो कॉल के बाद परिजनों को मिली सूचना
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान उसने कथित तौर पर फंदे से लटककर जान देने की बात कही। इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल से वीडियो कॉल के जरिए आतिफ के भाई को घटना दिखाई। भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट परिजनों को भेजा, जिसके बाद परिवार के लोग कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची। वहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत की परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
सत्य संवाद 24×7

