नैनीताल: इंस्टाग्राम दोस्ती और पॉक्सो केस में अदालत का फैसला, आरोपी निर्मल कुमार उर्फ हैप्पी दोषमुक्त

नैनीताल, संवाद 24×7।नैनीताल की विशेष पॉक्सो अदालत ने इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोस्ती और उससे जुड़े आरोपों के मामले में आरोपी निर्मल कुमार उर्फ हैप्पी को दोषमुक्त करार दिया है। अदालत ने साक्ष्यों के परीक्षण और सुनवाई के बाद 14 अक्टूबर 2026 को यह फैसला सुनाया। आरोपी की ओर से अधिवक्ता हेमा सुयाल ने पैरवी की।

क्या था मामला?

शिकायत के अनुसार, तल्लीताल थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में आरोप लगाया गया था कि हल्द्वानी निवासी निर्मल कुमार उर्फ हैप्पी की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए 16 वर्षीय किशोरी से हुई थी। शिकायत में आरोप था कि 1 जनवरी 2025 को आरोपी ने किशोरी को हल्द्वानी बुलाकर एक होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो बना लिया।

Advertisement

किशोरी की मां ने यह भी आरोप लगाया था कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया, फर्जी आईडी से अवांछित संदेश भेजे गए और 22 मई 2025 को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास गाली-गलौज व मारपीट की गई।

पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज था मुकदमा

इस मामले में तल्लीताल थाने में एफआईआर संख्या 0029/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला विशेष पॉक्सो न्यायालय में विचाराधीन था।

सुनवाई और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अदालत ने आरोपी को मामले में दोषमुक्त कर दिया। यह फैसला अदालत के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर आया।

सत्य संवाद 24×7