हल्द्वानी में बड़ा हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी थार, महिला समेत दो घायल; पुलिस-SDRF ने किया रेस्क्यू

हल्द्वानी, सत्य संवाद 24×7।नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम सभा लमजाला के पास एक थार वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार एक पुरुष और एक महिला घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हल्द्वानी में बड़ा हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी थार, महिला समेत दो घायल; पुलिस-SDRF ने किया रेस्क्यू

दुर्गम खाई में चलाया रेस्क्यू अभियान

जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को वाहन संख्या UK04AR1001 के खाई में गिरने की सूचना मिलने पर काठगोदाम कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ, हल्द्वानी फायर सर्विस और यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे।

खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिसकर्मियों, एसडीआरएफ और फायर सर्विस के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खाई में उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला।

घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा

घायलों की पहचान नीरज सिंह रजवार (29 वर्ष), निवासी भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी और रिचा शाह (29 वर्ष), निवासी आवास विकास, हल्द्वानी के रूप में हुई है। दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई।

पुलिस और ग्रामीणों ने निभाई अहम भूमिका

रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक एवं मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार, यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे तथा एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम शामिल रही।

इसके अलावा सचिन शाह, रमेश चंद्र, रोहित बिष्ट, अमन जंतवाल, सोनू जंतवाल, विजय जंतवाल, अक्षय जंतवाल, यशपाल आर्य, बॉबी आर्य, पियूष जंतवाल और प्रियांशु बिष्ट सहित स्थानीय ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया।

पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से दोनों घायलों को समय रहते खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

सत्य संवाद 24×7