हल्द्वानी में संस्कृत प्रवक्ता परीक्षा को लेकर सख्ती, तीनों केंद्रों के 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

हल्द्वानी,सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग समूह-ग) सेवा के अंतर्गत संस्कृत विषय की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने हल्द्वानी के तीन परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह प्रतिबंध 22 अक्टूबर से परीक्षा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।

इन तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा

हल्द्वानी में संस्कृत विषय की लिखित परीक्षा 23 अक्टूबर, शुक्रवार को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए निम्नलिखित केंद्र निर्धारित किए गए हैं:

  • श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, सिविल लाइंस, भोटिया पड़ाव।
  • खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज, भोटिया पड़ाव।
  • हिमालया विद्या मंदिर, आवास विकास।

परीक्षा केंद्रों के आसपास इन गतिविधियों पर रोक

नगर मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार, सक्षम मजिस्ट्रेट की पूर्व अनुमति के बिना परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में सार्वजनिक स्थान पर पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने और सभा करने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा शस्त्र, लाठी, डंडा और बल्ला लेकर जाने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल करने, परीक्षा से संबंधित अफवाहें फैलाने तथा पर्चे वितरित करने पर भी रोक लगाई गई है।

बिना पूर्व अनुमति बाहरी व्यक्तियों को परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं मिलेगा। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

नगर मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

सत्य संवाद 24×7