खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आयोजित उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र समाप्त होने के बाद विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। खटीमा विधायक एवं विधानसभा उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी ने कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विधानसभा सत्र को महज औपचारिकता बनाकर रख दिया और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से बचती रही।
कापड़ी ने कहा कि विधानसभा सत्र का पहला दिन शोक संवेदनाओं में बीत गया, जबकि दूसरे दिन विपक्ष ने भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों पर नियम 310 के तहत चर्चा कराने की मांग की थी। इसके बावजूद सरकार ने इन मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में इतने गंभीर मामले सामने आ रहे हैं तो सरकार सदन में जवाब देने से क्यों बच रही है?
मंत्रियों से जुड़े मामलों को लेकर उठाए सवाल
उपनेता प्रतिपक्ष ने एक मंत्री पर उनके पति की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया। इसके अलावा आय से अधिक संपत्ति के मामले में हाईकोर्ट के मुकदमा दर्ज करने संबंधी निर्देश और एक मंत्री की ओर से अपने आश्रम के लिए सात करोड़ रुपये जारी करने के मामले को भी उठाया।
उन्होंने कहा कि ये सभी ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर सदन में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए थी। विपक्ष जनता के हितों से जुड़े सवाल उठा रहा है, लेकिन सरकार जवाब देने के बजाय चर्चा से बचने का प्रयास कर रही है।
विधानसभा की कम अवधि पर भी जताई नाराजगी
कापड़ी ने उत्तराखंड में विधानसभा सत्र की अवधि को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में प्रतिवर्ष 25 से 30 दिन तक विधानसभा सत्र आयोजित होते हैं, जबकि उत्तराखंड में महज पांच से आठ दिन ही सदन की कार्यवाही चलती है। इतने कम समय में प्रदेश की समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा संभव नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान बजट के सदुपयोग और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के बजाय जनता की गाढ़ी कमाई के बंदरबांट पर है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
गौरतलब है कि भराड़ीसैंण में आयोजित दो दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पारित किया गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
बाइट: भुवन चंद्र कापड़ी, विधायक खटीमा एवं उपनेता प्रतिपक्ष, उत्तराखंड विधानसभा।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
