हल्द्वानी में कार सर्विस सेंटर में भीषण आग से मचा हड़कंप, डेढ़ लाख की नकदी और फर्नीचर जलकर राख

Advertisement

हल्द्वानी। सत्य संवाद 24×7। हल्द्वानी के ऊंचापुल क्षेत्र में रविवार को एक कार सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और आग आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही बुझा दी गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार 1 नवंबर को 112 के माध्यम से ऊंचापुल के पास स्थित कार सर्विस सेंटर में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना पर एफएसओ मिंदर पाल के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों की टीम और मुखानी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

सीएफओ नैनीताल गौरव किरार ने बताया कि आग ‘कार जोन’ नामक सर्विस सेंटर में लगी थी। दुकान मालिक विजय कुमार पुत्र मोहन राम, निवासी भगवानपुर ने प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। आग की चपेट में आने से दुकान के स्टोर रूम में रखा सामान, फर्नीचर और करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी जलकर राख हो गई।

दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

आग की लपटें काफी तेज थीं और आसपास अन्य दुकानें भी मौजूद थीं। ऐसे में आग के फैलने का खतरा बना हुआ था। हालांकि, दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

फिलहाल अग्निशमन विभाग की ओर से आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

…