रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7।
पंतनगर, 22 नवंबर 2026। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप को देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, अकादमिक विकास, शोध एवं नवाचार को नई दिशा देने तथा विश्वविद्यालय को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. कश्यप को यह सम्मान उत्तराखण्ड शासन के प्रमुख सचिव डॉ. मीनाक्षी सुन्दरम, यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत तथा उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति एवं 14 गणमान्य शिक्षाविदों की चयन समिति की अध्यक्ष डॉ. तृप्ता ठाकुर द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि डॉ. कश्यप के असीमित एवं निरंतर योगदान को देखते हुए यह सम्मान स्वयं गौरवान्वित हुआ है। उनके अथक प्रयास और बहुआयामी योगदान किसी भी पुरस्कार या सम्मान की परिधि से कहीं आगे हैं।
200 दिनों में विश्वविद्यालय में हुए लगभग 100 नवाचार
कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप ने अपने कार्यकाल के मात्र 200 दिनों में विश्वविद्यालय में लगभग 100 नवाचारों और नई पहलों को स्थापित किया है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध, प्रशासनिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिली है।
इसी अवधि में पंतनगर विश्वविद्यालय को क्यूएस एशिया रैंकिंग में देश के प्रथम कृषि विश्वविद्यालय के रूप में स्थान मिला। विश्वविद्यालय की शोध गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली तथा आईसीएआर एवं राज्य सरकार के समक्ष पंतनगर का मॉडल पुनः चर्चा का विषय बना।
300 करोड़ रुपये के अतिरिक्त अनुदान से विकास कार्यों को गति
विश्वविद्यालय में शिक्षण एवं शोध की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ निर्माण और अवस्थापना विकास के लिए भी बड़े कदम उठाए गए। राज्य सरकार से विकास कार्यों के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये के अतिरिक्त शासकीय अनुदान की व्यवस्था की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विश्वविद्यालय की सड़कों की मरम्मत के लिए 28 करोड़ रुपये की व्यवस्था हुई।
सड़कों के चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, छात्रावासों की छतों की मरम्मत, शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं मेस सुधार के कार्य प्रारंभ किए गए। कुछ छात्रावासों में जनरेटर की व्यवस्था भी शुरू की गई।
वर्षों से लंबित भर्ती और पदोन्नति के मामलों में प्रगति
विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित भर्ती एवं पदोन्नति संबंधी मामलों को भी प्राथमिकता दी गई। शासन से रिक्त पदों पर नियुक्तियों की स्वीकृति प्राप्त हुई और भर्ती के विज्ञापन जारी किए गए। व्यापक स्क्रीनिंग का कार्य पूर्णता की ओर बढ़ा। विभागाध्यक्षों के पदों के लिए साक्षात्कार संपन्न किए गए। लेखा कार्मिकों की पदोन्नति पूरी की गई तथा क्षेत्र सहायकों के लिए पदोन्नति योजना लागू की गई।
कृषि रोडमैप 2047 तैयार करने की जिम्मेदारी मिली
उत्तराखण्ड को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने की दिशा में कुलपति डॉ. कश्यप के प्रयासों को महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली, जब राज्य सरकार ने उन्हें कृषि रोडमैप 2047 तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी।
इसके लिए राज्य के उच्चाधिकारियों एवं विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की 250 सदस्यीय टीम गठित की गई। पंतनगर में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, वानिकी एवं जलवायु सहित 25 विषयों पर जिला-वार विकास रोडमैप तैयार करने की रूपरेखा बनाई गई। यह रोडमैप अब पूर्णता की ओर है।
किसान मेले में पहुंचे डेढ़ लाख लोग
विश्वविद्यालय में आयोजित ऐतिहासिक किसान मेले में लगभग 1.5 लाख लोगों ने प्रतिभाग किया। मेले में करोड़ों रुपये के बीज एवं कृषि आगतों की रिकॉर्ड खरीद हुई। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इसे कुशल नेतृत्व और सामूहिक टीमवर्क की बड़ी उपलब्धि बताया।
जनसंवाद और छात्र मिलन से समस्याओं का समाधान
कुलपति डॉ. कश्यप की एक प्रमुख पहल प्रातः 8 बजे आयोजित होने वाला जनसंवाद कार्यक्रम रहा, जिसमें 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया और 200 से अधिक पुराने मामलों का निस्तारण किया गया।
विद्यार्थियों के लिए अलग से बुधवार मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने अपने सुझाव दिए। इनमें से अनेक सुझावों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने लागू भी किया।
डिजिटल नवाचार और एआई प्रशिक्षण पर विशेष जोर
विश्वविद्यालय में डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए वेबसाइट का नए स्वरूप में निर्माण किया गया। सभी शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम युद्धस्तर पर आयोजित किया गया। गेस्ट हाउस बुकिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया तथा शिक्षण एवं पठन-पाठन को डिजिटल स्वरूप देने के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) लागू करने की तैयारी की जा रही है।
गौवंश संरक्षण से लेकर उद्योगों को शिक्षा से जोड़ने की पहल
सामाजिक सरोकारों के अंतर्गत भारत रत्न श्री नानाजी देशमुख निराश्रित गौवंश संरक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। वहीं शिक्षा में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ब्रिज सीरीज कार्यक्रम स्थापित किया गया, जिसमें 250 से अधिक उद्योग विशेषज्ञ जुड़े।
इसके अलावा ‘ब्रेन 3.0’ नामक अभिनव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के 75 उद्यमियों एवं शिक्षाविदों ने पंतनगर विश्वविद्यालय की प्रगति का रोडमैप तैयार किया।
नवागत विद्यार्थियों के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम को भी नए एवं उपयोगी प्रयोगों के साथ तैयार किया गया। इसके माध्यम से 15 दिनों में 1,000 नए विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार को दिया सम्मान का श्रेय
‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड मिलने पर कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप ने इसका पूरा श्रेय विश्वविद्यालय के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, श्रमिकों एवं संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उनकी प्रेरणा के स्रोत हैं और उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना ही उनके सभी प्रयासों का मुख्य उद्देश्य है।
डॉ. कश्यप को मिला यह सम्मान पंतनगर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध, नवाचार एवं विकास की दिशा में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
