खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। कार्तिक पूर्णिमा और सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा स्थित पीलीभीत रोड गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली के साथ उत्तराखंड की निरंतर उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों से संपूर्ण मानव समाज को मानवता, सेवा और परोपकार का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।
हेमकुंड साहिब रोपवे और रीठा साहिब में धर्मशाला का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की आस्था, धार्मिक विरासत और ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए काम कर रही हैं। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सभी धर्मों और परंपराओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध सरकार
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि भी है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी से प्रदेश की एकता, अखंडता और सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
गुरुद्वारा समिति ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी को कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा राज्यमंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
