हरिद्वार में पंचायत के दौरान अधिकारी पर चाकू से हमला, तीन लोगों पर मुकदमा

पथरी (हरिद्वार)। सत्य संवाद 24×7। हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर बुलाई गई पंचायत के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान सहायक समाज कल्याण अधिकारी कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आई हैं। घटना के बाद पंचायत में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रेम प्रसंग के मामले में बुलाई गई थी पंचायत

जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ गांव निवासी कमलेश पौड़ी जिले के जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके परिवार का एक युवक गांव की युवती के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर से चला गया है और दोनों ने शादी कर ली है। बताया गया है कि प्रेमी युगल को हाईकोर्ट से सुरक्षा देने के आदेश भी मिले हुए हैं।

पंचायत में दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर युवती पक्ष के ग्रामीणों ने गांव में पंचायत बुलाई थी। पंचायत में कमलेश भी मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आईं।

अचानक हुई घटना से पंचायत में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पथरी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त