हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। नौकरी की तलाश से शुरू हुआ सफर आज उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की मिसाल बन गया है। हल्द्वानी निवासी दीपिका सनवाल ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ उठाकर अपना मेकअप स्टूडियो शुरू किया। आज वह न केवल खुद आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अपने व्यवसाय के माध्यम से पांच लोगों को रोजगार भी दे रही हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता नहीं मिली तो चुना स्वरोजगार का रास्ता
दीपिका कभी बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखती थीं। प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने निराश होने के बजाय अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण लेकर मेकअप और ब्यूटी सेवाओं में अपनी दक्षता बढ़ाई।
7 लाख रुपये की परियोजना से शुरू किया व्यवसाय
वर्ष 2022-23 में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत दीपिका ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से सात लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक ने 6.65 लाख रुपये का ऋण वितरित किया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान दीपिका ने स्वयं दिया। योजना के अंतर्गत उन्हें 1.05 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिली।
इसके बाद उन्होंने हल्द्वानी में ‘DEEPIKA SANWAL MAKEUP STUDIO’ की शुरुआत की और धीरे-धीरे अपने व्यवसाय का विस्तार किया।
10 लाख रुपये तक पहुंचा सालाना कारोबार
आज उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और फेशियल सहित कई तरह की ब्यूटी सेवाएं उपलब्ध हैं। गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के चलते उनके व्यवसाय को पहचान मिली है। वर्तमान में स्टूडियो का वार्षिक कारोबार लगभग 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
दीपिका ने अपने व्यवसाय के जरिए अब तक पांच लोगों को रोजगार दिया है। इसके साथ ही वह अन्य महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही हैं।
महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
दीपिका की सफलता बताती है कि सरकारी योजनाओं और अपने कौशल के सहारे स्वरोजगार की राह अपनाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की जा सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को अपना उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
