भीमताल (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन को लेकर सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) की ओर से झील का चार दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। 20 से 23 नवंबर तक चले इस सर्वेक्षण में आधुनिक तकनीक से झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद का आकलन किया गया। अब सर्वेक्षण से मिले आंकड़ों के आधार पर झील के संरक्षण और गाद निकासी (ड्रेजिंग) को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मंत्री कैड़ा के निर्देश पर हुआ सर्वेक्षण
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर कराए गए इस सर्वेक्षण को भीमताल झील की मौजूदा स्थिति समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मंत्री ने कहा कि भीमताल झील क्षेत्र की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है। इसके संरक्षण के साथ जल भंडारण क्षमता बनाए रखना और झील के अस्तित्व को सुरक्षित रखना जरूरी है। वैज्ञानिक आंकड़ों से भविष्य में होने वाले कार्यों को तकनीकी आधार मिलेगा।
आधुनिक उपकरणों से मापी गई झील की गहराई
सर्वेक्षण रुड़की की मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के माध्यम से कराया गया। इसके लिए मोटर बोट पर इकोसाउंडर उपकरण लगाया गया, जिससे झील के अलग-अलग हिस्सों की गहराई मापी गई। वहीं, झील की परिधि पर डीजीपीएस की मदद से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति और निर्देशांक दर्ज किए गए।
इस दौरान ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर और मल्टी-कॉन्स्टेलेशन डीजीपीएस/जीएनएसएस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। आंकड़ों की सटीकता के लिए करीब 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए। साथ ही क्रॉस-चेक लाइन और झील की बाहरी सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया।
तैयार होंगे 3डी मॉडल और डेप्थ प्लान
सर्वेक्षण के आधार पर झील का बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल और डिजिटल बेड सरफेस तैयार किया जाएगा। इसके अलावा कुल जल भंडारण क्षमता, तलछट की मोटाई और संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का आकलन भी होगा। तकनीकी रिपोर्ट में 3डी डिजिटल टेरेन मॉडल, 10 मीटर सीएडी क्रॉस-सेक्शन और एरिया-कैपेसिटी कर्व भी शामिल किए जाएंगे।
गाद निकासी की संभावनाओं का भी होगा अध्ययन
इन आंकड़ों से झील में पानी संग्रहण की मौजूदा क्षमता और उन हिस्सों की पहचान हो सकेगी, जहां सबसे अधिक गाद जमा है। इसके आधार पर वैज्ञानिक तरीके से गाद निकासी की संभावनाओं और उसकी व्यवहार्यता का आकलन किया जाएगा।
SARRA की इस पहल का उद्देश्य झील की केवल गहराई मापना नहीं, बल्कि उसकी मौजूदा भौतिक स्थिति और जल संग्रहण क्षमता का विस्तृत अध्ययन करना है। तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर संरक्षण, गाद निकासी और जल भंडारण क्षमता के बेहतर प्रबंधन की योजना बनाई जाएगी। इससे भीमताल झील के दीर्घकालिक संरक्षण और सतत प्रबंधन को वैज्ञानिक आधार मिलने की उम्मीद है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
