रुद्रपुर में 456 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 456 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:45 बजे कोतवाली रुद्रपुर की टीम ने गिल रिसोर्ट के पास संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 456 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। इन कैप्सूल में Dicyclomine HCl, Tramadol HCl और Acetaminophen के घटक बताए गए हैं।

30 वर्षीय रोशन कोली गिरफ्तार

पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान रोशन कोली (30 वर्ष) पुत्र छोटेलाल, निवासी वार्ड नंबर 22, रम्पुरा, थाना रुद्रपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में की है। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर के आदेश पर क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान में उपनिरीक्षक नरेश पंत, हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह और कांस्टेबल महेंद्र कुमार शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त