खिलाड़ियों को धामी सरकार की सौगात, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की इनामी राशि बढ़ी

देहरादून (देहरादून)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई अहम फैसलों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि बढ़ाने के साथ प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है। इसके अलावा प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक बढ़ी पुरस्कार राशि

सरकार के फैसले के अनुसार, न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया गया है।

विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार अब 700 रुपये, द्वितीय 500 रुपये और तृतीय 400 रुपये मिलेगा। पहले इनकी राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये थी।

संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार 800 से बढ़ाकर 1,000 रुपये, द्वितीय 600 से बढ़ाकर 800 रुपये और तृतीय 400 से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है। वहीं, राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 2,000 रुपये, द्वितीय 1,500 रुपये और तृतीय 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री कप की इनामी राशि हुई दोगुनी

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या भी 32 से बढ़ाकर 50 करने का निर्णय लिया गया है। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए कुल बजट में भी आवश्यक वृद्धि की जाएगी।

हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे। इससे गांवों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

पीआरडी जवानों और सफाई कर्मियों के मानदेय पर फैसला

मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को होमगार्ड जवानों की तरह मानदेय देने के संबंध में समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने को मंजूरी दी है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया है।

मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र को मंजूरी

देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। इसके लिए संबंधित भूमि युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित की जाएगी।

इसके अलावा चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये स्वीकृत करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया है।

सरकार के इन फैसलों का उद्देश्य प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार करना, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं के लिए प्रशिक्षण एवं विकास के अवसर बढ़ाना है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त