17 साल से फरार एक लाख का इनामी आरोपी बंगाल से गिरफ्तार, STF का ऑपरेशन प्रहार

देहरादून (देहरादून)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 साल से फरार एक लाख रुपये के इनामी आरोपी शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2009 में देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हुई लूट और डकैती के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पहचान छिपाकर मजदूरी कर रहा था।

17 साल से फरार एक लाख का इनामी आरोपी बंगाल से गिरफ्तार, STF का ऑपरेशन प्रहार

2009 में ओएनजीसी अधिकारी के घर हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को पांच हथियारबंद बदमाशों ने ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के बसंत विहार स्थित आवास में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और लूटपाट की थी। मामले में थाना बसंत विहार में लूट और डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान मेरठ निवासी राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली फरार हो गया था।

25 हजार से बढ़ाकर एक लाख हुआ था इनाम

शौकत अली की गिरफ्तारी पर शुरुआत में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई। इस दौरान आरोपी दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदलता रहा।

भाटपाड़ा में पहचान छिपाकर कर रहा था काम

एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग और सुरागरसी के जरिए आरोपी की तलाश जारी रखी। जांच में पता चला कि वह कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा थाना क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हत्या और डकैती समेत करीब 12 मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, शौकत अली के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मेरठ और उत्तराखंड के देहरादून व हल्द्वानी में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें देहरादून के बसंत विहार और हल्द्वानी कोतवाली से जुड़े मामले भी शामिल हैं।

एसटीएफ और पुलिस टीम ने की कार्रवाई

गिरफ्तारी करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगई, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेंद्र चौहान तथा कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे। वहीं, थाना बसंत विहार की ओर से थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा और अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह ने सहयोग किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त