ऊधम सिंह नगर में 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस, सभी 9 तहसीलों में होंगे मॉक अभ्यास

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में 28 नवंबर को ऊधम सिंह नगर जिले में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले की सभी नौ तहसीलों में स्थानीय जोखिमों के आधार पर मॉक अभ्यास, प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 29 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में भी मॉक अभ्यास कराया जाएगा।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में तहसीलवार आपदा परिदृश्यों, मॉक अभ्यास के स्थलों और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। वर्चुअल बैठक में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव विनोद कुमार सुमन भी जुड़े।

नौ तहसीलों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों पर अभ्यास

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि जिले की सभी नौ तहसीलों में स्थानीय संवेदनशीलताओं के अनुसार मॉक अभ्यास आयोजित किए जाएंगे।

  • जसपुर: लकड़ी मंडी में अग्निकांड की स्थिति पर अभ्यास।
  • काशीपुर: एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के एनआईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने और नवजात शिशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का अभ्यास।
  • बाजपुर: पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में भूकंप के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास।
  • गदरपुर: छाबड़ा एजेंसी की पटाखा फैक्ट्री में अग्निकांड और सीबीआरएन आधारित मॉक अभ्यास।
  • रुद्रपुर: संजय वन क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति पर अभ्यास।
  • किच्छा: थाना पुलभट्टा क्षेत्र में घने कोहरे के कारण बहु-वाहन दुर्घटना का परिदृश्य।
  • सितारगंज: आईओसीएल परिसर में एलपीजी गैस पाइपलाइन से रिसाव की स्थिति पर अभ्यास।
  • खटीमा: एस्टर कंपनी में अमोनिया गैस रिसाव का मॉक अभ्यास।
  • सुरई वन रेंज: आरक्षित वन क्षेत्र में वनाग्नि की स्थिति पर अभ्यास।

सभी चयनित स्थलों पर अभ्यास के संचालन और समन्वय के लिए पर्यवेक्षक भी नामित किए गए हैं।

29 औद्योगिक इकाइयों में भी होंगे मॉक अभ्यास

जिले की 29 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में ऑन-साइट मॉक अभ्यास कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 नवंबर को आठ, 27 नवंबर को 10 और शेष औद्योगिक इकाइयों में 28 नवंबर को अभ्यास होगा। बाजपुर शुगर मिल में भी मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा।

स्कूलों और गांवों में चलेगा जागरूकता अभियान

जिले के छह चयनित विद्यालयों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें खोज एवं बचाव प्रशिक्षण देंगी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 1,088 विद्यालयों में आपदा प्रबंधन दिवस मनाने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा जिले के सभी गांवों में भी आपदा प्रबंधन और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिला विकास अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

क्विक रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश

बैठक में सभी क्विक रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग को अपने खोज एवं बचाव उपकरणों का प्रदर्शन करने तथा आमजन को उनके उपयोग की जानकारी देने को कहा गया।

मॉक अभ्यास में स्वयं सहायता समूहों, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, पूर्व सैनिकों, आपदा मित्रों, युवा मंगल दल, महिला मंगल दल, पीआरडी, होमगार्ड, पुलिस और अन्य विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

प्रशासन की आमजन से अपील

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से आपदा प्रबंधन दिवस पर आयोजित प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों में अधिकाधिक भागीदारी करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य आपदा के समय सुरक्षा उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

बैठक में एसपी क्राइम अनीषा बडोला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र, जिला शिक्षा अधिकारी एसके श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह, एआरटीओ नवीन कुमार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त