हरिद्वार (हरिद्वार)। सत्य संवाद 24×7। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस के सभी कार्यालयों, कोतवाली और थानों में शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा उसके मूल्यों और आदर्शों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
एसपी निशा यादव ने दिलाई शपथ
पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकार प्रदान करता है।
नागरिक अधिकारों की रक्षा पुलिस की जिम्मेदारी
एसपी निशा यादव ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करे और संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का पालन सुनिश्चित करे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और आमजन के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया।
सभी थानों और कार्यालयों में हुए कार्यक्रम
संविधान दिवस पर जनपद के सभी कोतवाली, थानों, शाखाओं और कार्यालयों में पुलिसकर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान उन्हें नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प भी दिलाया गया।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
