कालसी (देहरादून)। सत्य संवाद 24×7। देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रही बोलेरो धमोग मंदिर से पहले अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो साल की मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। वाहन में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे।
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी सात लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार शुरू किया गया।
कालसी थाने के एसएसआई नीरज कठैत के अनुसार, बोलेरो हिमाचल प्रदेश की ओर से विकासनगर आ रही थी। धमोग मंदिर से पहले चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी खाई में जा गिरी। पुलिस और एसडीआरएफ ने सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दो साल की राधिका और 56 वर्षीय नरबहादुर की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राधिका (2 वर्ष), पुत्री डमर और नरबहादुर (56 वर्ष), पुत्र गंगा बहादुर, निवासी अछाम कटारी, नेपाल के रूप में हुई है।
घायलों में बोलेरो चालक चमन लाल (45), निवासी चडगांव, शिमला (हिमाचल प्रदेश), डमर (32), निशा (14), उर्मिला (30) और प्रदीप (5) शामिल हैं। घायलों में पांचों नेपाल के निवासी बताए गए हैं।
हिमाचल में काम पूरा कर नेपाल लौट रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मजदूर थे। वे हिमाचल प्रदेश में काम पूरा करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी दौरान कालसी क्षेत्र में उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
