हल्द्वानी सरस मेले में माया उपाध्याय के लोकगीतों की धूम, स्टार नाइट में देर तक झूमे दर्शक

हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले के तीसरे दिन उत्साह और रौनक देखने को मिली। जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। वहीं, गुरुवार शाम आयोजित स्टार नाइट में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय कुमाऊंनी गीतों पर दर्शक देर तक झूमते रहे और पूरा मेला परिसर तालियों से गूंज उठा।

महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद खरीदने की अपील

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन हो रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करें और स्थानीय उत्पादों के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार सामान की खरीदारी भी करें।

उन्होंने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो वह केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से मेले में पहुंचकर कुछ न कुछ सामान खरीदने का आग्रह किया, ताकि महिलाओं के स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को प्रोत्साहन मिल सके।

माया उपाध्याय के गीतों पर झूमे दर्शक

गुरुवार को आयोजित स्टार नाइट में लोक गायिका माया उपाध्याय ने अपनी सुरीली आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने ‘लाली हो लाली स्या’, ‘झूली घाटा शेरदा को होटला’, ‘हाई काकड़ी झिल मा लूण पिसो सिल मा’, ‘छोरी लछिमा सूरा-सूरा हवा चली’, ‘रधुली नथुली का डोर’, ‘आदु संसारा आदु मुन्स्यारा’ और ‘क्रीम पोडरा गसनी’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए।

इसके अलावा ‘चाहा को होटल खोलूलो इत्ती टनकपुर’, ‘दिल्ली को बाजारा लागी माया’, ‘लोनडा मालुरा में तो रूनी छु’, ‘ओ भिना कसिके जानू द्वारहटा’, ‘ओ परुवा ईजा चपल के ल्याछा यस’, ‘चन्दना जयपुरिया साड़ी मेरी’, ‘भुर भुरु उजाओ हेगो’, ‘बेडू पाको बारामासा’ और ‘नारैणा काफल पाको चेता मेरी छैला’ जैसे गीतों ने भी खूब रंग जमाया।

लोकगीतों ने बिखेरा उत्तराखंडी संस्कृति का रंग

माया उपाध्याय की प्रस्तुति में पहाड़ की लोकसंस्कृति और कुमाऊंनी परंपरा की झलक देखने को मिली। उनके गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और कार्यक्रम का आनंद लिया। स्थानीय लोगों ने भी उनकी प्रस्तुति की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान मेला परिसर उत्तराखंडी लोकधुनों से गूंजता रहा।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त