रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। किच्छा बाईपास स्थित श्री गुरुद्वारा अमृत सागर डेरा भजनगढ़ साहिब में भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। महापौर विकास शर्मा ने गुरुद्वारे के मुख्य महंत श्री विक्रमजीत सिंह जी महाराज के साथ संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। धार्मिक विधि-विधान से संपन्न कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधन और संगत ने इस पहल पर प्रसन्नता जताते हुए महापौर का अभिनंदन किया।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संवारना प्राथमिकता
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर के समग्र विकास के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संवारना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रुद्रपुर को विकास के साथ आध्यात्मिक पहचान दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि त्रिशूल चौक पर भगवान भोलेनाथ का भव्य त्रिशूल शहर की शोभा बढ़ा रहा है। डमरू चौक का निर्माण भी जल्द शुरू होने जा रहा है, जबकि शिव कॉरिडोर परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रयास जारी हैं। इन योजनाओं से शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
जनता से किया वादा पूरा करने की दिशा में पहल
महापौर ने कहा कि जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। श्री गुरुद्वारा अमृत सागर के भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी इसी क्रम का हिस्सा है। शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य पूरा होने पर लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें संत समाज और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास और बेहतर रखरखाव जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित बनी रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में शहर के विकास के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
10 से 15 दिनों में तैयार हुआ प्रवेश द्वार का डिजाइन
गुरुद्वारे के मुख्य महंत श्री विक्रमजीत सिंह जी महाराज ने बताया कि भव्य प्रवेश द्वार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। बाहर से आने वाली संगत को कई बार गुरुद्वारे तक पहुंचने में परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए गुरुद्वारा प्रबंधन ने महापौर के सामने प्रवेश द्वार निर्माण की मांग रखी थी।
महंत के अनुसार, मांग रखे जाने के बाद महज 10 से 15 दिनों के भीतर भव्य द्वार का डिजाइन तैयार कर गुरुद्वारा प्रबंधन को उपलब्ध करा दिया गया। उन्होंने कहा कि नए प्रवेश द्वार से संगत को सुविधा मिलने के साथ गुरुद्वारे की भव्यता भी बढ़ेगी।
संत समाज और संगत ने जताया आभार
महंत श्री विक्रमजीत सिंह जी महाराज ने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे जनसेवक के रूप में शहर के विकास कार्यों में सक्रिय हैं और धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में भी योगदान दे रहे हैं। उन्होंने त्रिशूल चौक, डमरू चौक, श्रीराम पार्क और शिव कॉरिडोर जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पहल शहर की पहचान को मजबूत करेंगी।
उन्होंने कहा कि गुरुओं की शिक्षाएं सेवा, सद्भाव, धर्म और संस्कारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। समाज को इन मूल्यों को अपनाते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए।
ये लोग रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायती निर्मला अखाड़ा के मुखिया महंत संत जगजीत सिंह जी शास्त्री, स्वामी डॉ. हरिहरानंद जी, भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, विशाल खेड़ा, हरविंदर सिंह हरजी, पारस चुघ, आशु गुंबर, बिन्नी चुघ, जितेंद्र संधू, कुलवीर सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधन के सदस्य, संगत और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
