बनबसा (चम्पावत)। सत्य संवाद 24×7। बनबसा सैन्य स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को चम्पावत जिले की चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेकर सेना में शामिल होने के अपने सपने को पूरा करने के लिए दमखम दिखाया। प्रारंभिक दस्तावेज जांच के बाद 850 से अधिक युवाओं को भर्ती स्थल में प्रवेश दिया गया, जिनमें से करीब 700 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे।
नौ बैचों में कराई गई दौड़
प्रारंभिक दस्तावेज सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों की दौड़ नौ अलग-अलग बैचों में आयोजित की गई। इसमें करीब 700 युवाओं ने सफलता हासिल की। अपने ही जिले में सेना भर्ती का अवसर मिलने से अभ्यर्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज और मेडिकल जांच जारी
दौड़ में सफल युवाओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही शारीरिक परीक्षण और चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। पिछले दिनों आयोजित दौड़ में सफल रहे अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी लगातार जारी है।
भर्ती रैली का आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय, पिथौरागढ़ की ओर से किया जा रहा है। भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव की देखरेख में सेना के अधिकारियों और जवानों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, दस्तावेज जांच और दौड़ की व्यवस्थाएं संभालीं।
शुक्रवार को लोहाघाट और बाराकोट के युवाओं की बारी
27 नवंबर, शुक्रवार को लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। इसी दिन चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थियों की भी भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
बनबसा में अग्निवीर बनने के लिए युवाओं का उत्साह और मेहनत देखने को मिल रही है। देशसेवा का सपना लेकर मैदान में उतर रहे अभ्यर्थियों का अनुशासन और समर्पण क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
