पंतनगर विश्वविद्यालय का ऑस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी से समझौता, छात्रों के लिए खुलेंगे अंतरराष्ट्रीय पढ़ाई और शोध के नए रास्ते

पंतनगर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने ऑस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के साथ शैक्षणिक सहभागिता को मजबूत करने के लिए लेटर ऑफ रिकग्निशन (मान्यता पत्र) पर हस्ताक्षर किए हैं। नई दिल्ली के द ललित होटल में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने इस समझौते को औपचारिक रूप दिया। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उच्च शिक्षा, अनुसंधान तथा शैक्षणिक आदान-प्रदान के नए अवसर विकसित होंगे।

दोनों विश्वविद्यालयों के प्रमुख प्रतिनिधियों ने किए हस्ताक्षर

मान्यता पत्र पर पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप और वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय, ऑस्ट्रेलिया की प्रोवोस्ट प्रो. डेबोरा स्वीनी ने हस्ताक्षर किए। इस पहल का उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करना और विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अध्ययन के अवसर बढ़ाना है।

MBA एग्रीबिजनेस और वाटर मैनेजमेंट में मिलेंगे अवसर

इस सहयोग के तहत स्नातकोत्तर से स्नातकोत्तर और स्नातक से स्नातकोत्तर स्तर तक अध्ययन के अवसर विकसित किए जाएंगे। इसमें एमबीए (एग्रीबिजनेस), बिजनेस मैनेजमेंट के अन्य पाठ्यक्रमों और सतत जल प्रबंधन (सस्टेनेबल वाटर मैनेजमेंट) में परास्नातक स्तर पर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है।

इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी और संबंधित विषयों में स्नातक की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय के परास्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के रास्ते विकसित होंगे।

विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय अध्ययन और शोध का मिलेगा लाभ

इस पहल से पंतनगर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को छात्र गतिशीलता, उच्च शिक्षा, शैक्षणिक उन्नयन और अनुसंधान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अवसर मिल सकेंगे। विशेष रूप से कृषि व्यवसाय, प्रबंधन और संबद्ध विषयों के विद्यार्थियों को ऑस्ट्रेलिया में आगे की पढ़ाई के नए विकल्प उपलब्ध होंगे।

विश्वविद्यालय के अनुसार, यह समझौता उसकी अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहभागिता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के शैक्षणिक संस्थानों के बीच शिक्षा, शोध, विद्यार्थी आदान-प्रदान और ज्ञान साझा करने की गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर पंतनगर विश्वविद्यालय के निदेशक अंतरराष्ट्रीय मामले डॉ. वीसी ध्यानी, अधिष्ठाता कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय डॉ. आरएस जादौन तथा उद्यानिकी विभाग के प्राध्यापक डॉ. रंजन श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त