रुद्रपुर में दुर्गा पूजा कमेटियों को मिला महापौर का सहयोग, विकास शर्मा ने बांटी ₹1.35 लाख की राशि

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने की पहल के तहत महापौर विकास शर्मा ने विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों को कुल 1 लाख 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आदर्श इंदिरा बंगाली कॉलोनी, रविंद्र नगर, मुखर्जी नगर, संजय नगर, रमपुरा और ट्रांजिट कैंप की दुर्गा पूजा समितियों को सहयोग राशि वितरित की। महापौर ने यह सहायता पिछले दिनों दुर्गा पूजा आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए देने की घोषणा की थी।

छह क्षेत्रों की पूजा समितियों को मिली सहायता

महापौर विकास शर्मा ने अपनी घोषणा को पूरा करते हुए विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों को सहयोग राशि सौंपी। इस दौरान समिति सदस्यों ने उनका स्वागत किया और आर्थिक सहायता के लिए आभार जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस सहयोग से दुर्गा पूजा के आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता का माध्यम : महापौर

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं का संगम है। यहां सभी समाज के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं और यही शहर की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा बंगाली समाज की महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है। यह मां दुर्गा की आराधना के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का संदेश भी देती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मकता, आपसी सद्भाव और एकजुटता मजबूत होती है। धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से भी जुड़ती है।

धार्मिक स्थलों के विकास में नहीं रहेगी कमी

महापौर ने कहा कि नगर निगम और उनके स्तर से शहर में आयोजित होने वाले सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाओं और धार्मिक स्थलों के विकास में सहयोग देना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में धार्मिक आयोजनों और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। विभिन्न समाजों और समितियों की जरूरतों के अनुसार हर संभव सहयोग किया जाएगा, ताकि आयोजन श्रद्धा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।

बंगाली कल्याण समिति ने जताया आभार

बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में मिला सहयोग सराहनीय है। इससे पूजा कमेटियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और समाज में आपसी सहयोग एवं सद्भाव की भावना को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि महापौर ने अपनी घोषणा पूरी कर बंगाली समाज के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना प्रदर्शित की है।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में अशोक विश्वास, मानवेंद्र राय, मुकेश वशिष्ठ, पार्षद शुभम दास, डॉ. सुमित राय, पिंकू राय, गणेश दास, गौतम मंडल, सुकुमार सरकार, संजय नगर अध्यक्ष प्रणव राय, मुखर्जी नगर अध्यक्ष सपन साना, एडवोकेट विश्वजीत मंडल, नारायण पाल, अनूप देवनाथ, गोलू हंटर, सपन मंडल, संजय हालदार, भगदेश स्वर्णकार, जयंत मल्लिक, माधव दास, सौरभ मिस्त्री और दीपक राय सहित विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त