रुद्रपुर में कुमाऊँ विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयी महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ, 84 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर), 29 नवम्बर 2026। सत्य संवाद 24×7।सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के तत्वावधान में श्री मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को कुमाऊँ विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयी महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलसचिव प्रो. रीतेश साह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने की।

इस अवसर पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार और विश्वविद्यालय के पूर्व क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता की आयोजन सचिव एवं शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. रूचि साह ने अतिथियों का स्वागत किया।

10 महाविद्यालयों की 84 महिला खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में कुमाऊँ विश्वविद्यालय से संबद्ध 10 महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। कुल 84 महिला खिलाड़ियों ने 15 विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 29 और 30 नवंबर 2026 को किया जा रहा है।

पहले दिन इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस आयोजित प्रमुख स्पर्धाओं के परिणाम इस प्रकार रहे—

800 मीटर दौड़

  • स्वर्ण पदक: खुशी — एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी।
  • रजत पदक: कोमल — पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर।
  • कांस्य पदक: बीना — डी.एस.बी. परिसर, नैनीताल।

400 मीटर बाधा दौड़

  • स्वर्ण पदक: प्राची जोशी — डी.एस.बी. परिसर, नैनीताल।
  • रजत पदक: मुस्कान गिरी — सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर।
  • कांस्य पदक: पिंकी — एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी।

लंबी कूद

  • स्वर्ण पदक: जसकीरन कौर — बाजपुर।
  • रजत पदक: कोमल राय — डी.एस.बी. परिसर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल।
  • कांस्य पदक: अंजलि बिष्ट — एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी।

दूसरे दिन भी होंगी विभिन्न खेल स्पर्धाएं

आयोजन सचिव डॉ. रूचि साह ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में निर्णायकों की भूमिका सुरेश पांडेय, महेश फर्रतीयाल, ममता जोशी, रघुवीर सिंह, हरीश राम, ममता बोरा, प्रकाश जलाल, पुष्कर बिष्ट, राजेंद्र ताकुली, कमल कुमार, महेश बिष्ट और प्रवीण राणा ने निभाई।

गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रो. पुष्कर सिंह बिष्ट, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय जसपुर, प्रो. भारत सिंह राजपूत, प्रो. निलोफर अख्तर, डॉ. प्रद्युम्न रिचारिया, डॉ. अपर्णा सिंह, डॉ. आरती शर्मा, डॉ. रविश त्रिपाठी और डॉ. अतिश वर्मा सहित छात्रसंघ के सदस्य, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिनिधि तथा खेल जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त