उत्तराखंड चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा: नैनीताल जिले की कमान संभालने रामनगर पहुंचे विधायक रवि नेगी, कार्यकर्ताओं के साथ बनाई रणनीति

रामनगर (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से विधायक रविंद्र सिंह नेगी उर्फ रवि नेगी को नैनीताल जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिम्मेदारी मिलने के बाद रामनगर पहुंचे रवि नेगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

65 पार के लक्ष्य के साथ भाजपा की तैयारी

भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रवि नेगी ने कहा कि नैनीताल जिले की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने अपने पूर्वजों का इस क्षेत्र से जुड़ाव बताते हुए कहा कि वह संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कांग्रेस पर रवि नेगी ने साधा निशाना

रवि नेगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा संगठनात्मक चुनाव और कार्यसमिति की बैठकें पूरी कर चुकी है, जबकि कांग्रेस अभी अपने संगठन को लेकर संघर्ष कर रही है।

अंकिता भंडारी प्रकरण सहित अन्य राजनीतिक मुद्दों पर उन्होंने कांग्रेस पर जनता का ध्यान विकास के मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया।

तीसरी बार सरकार बनाने का किया दावा

रवि नेगी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों के आधार पर भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी कार्यकर्ता उत्साह के साथ चुनावी तैयारियों में जुटेंगे। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त