रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। संभावित प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार, 28 नवंबर 2026 को ऊधमसिंह नगर की सभी आठ प्रमुख तहसीलों में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा में एक साथ हुए इस अभ्यास के दौरान अलग-अलग आपदा परिस्थितियां तैयार कर राहत एवं बचाव तंत्र की कार्यक्षमता, विभागीय समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण किया गया।
अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि इन व्यापक और यथार्थपरक बहु-विभागीय अभ्यासों के माध्यम से जनपद की आपदा प्रबंधन क्षमता, संसाधन प्रबंधन, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को परखा गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास आपदा के समय जन-धन की हानि कम करने के साथ आमजन में जागरूकता और विश्वास बढ़ाने में भी सहायक होते हैं। भविष्य में भी नियमित अभ्यासों के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।
कंट्रोल रूम से सक्रिय हुईं राहत-बचाव टीमें
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र यानी आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही संबंधित तहसील कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए। इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, वन, विद्युत, लोक निर्माण और पूर्ति विभाग की टीमें निर्धारित स्थलों पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
किच्छा में घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना का अभ्यास
किच्छा-पुलभट्टा रोड पर सुबह 9:32 बजे घने कोहरे के कारण तीन से चार ऑटो वाहनों के आपस में टकराने की सूचना दी गई। संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया और सुबह 9:52 बजे तक टीमें मौके पर पहुंच गईं। सड़क को आंशिक रूप से बंद कर बचाव कार्य शुरू किया गया। भीड़ नियंत्रण के लिए क्रेन और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की गई।
अभ्यास के दौरान दो से तीन लोगों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा भेजा गया। सुबह 10:06 बजे तक यातायात व्यवस्था सुचारु कर दी गई।
रुद्रपुर में जंगली हाथियों के आबादी क्षेत्र में घुसने की सूचना
रुद्रपुर के संजय वन के समीप सुबह 9:55 बजे आबादी क्षेत्र में जंगली हाथियों के घुसने की सूचना पर राहत-बचाव टीमें सक्रिय हुईं। सुबह 9:57 से 10 बजे के बीच एनडीआरएफ, वन विभाग, अग्निशमन और पुलिस की टीमें रवाना की गईं।
सुबह 10:15 बजे हाथी के हमले में ग्रामीण विजय पुत्र प्रभूनाथ, उम्र 24 वर्ष, के घायल होने की सूचना दी गई। उसे एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया। ग्राम प्रधान के माध्यम से लाउडस्पीकर पर ग्रामीणों को सतर्क किया गया। संयुक्त टीमों ने हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने की कार्रवाई की। सुबह 11 बजे नुकसान के आकलन के साथ अभ्यास समाप्त किया गया।
खटीमा की औद्योगिक इकाई में अमोनिया गैस रिसाव
ईस्टर इंडस्ट्रीज लिमिटेड, खटीमा में सुबह 10:05 बजे अमोनिया गैस रिसाव की सूचना पर राज्य और जिला कंट्रोल रूम के साथ पुलिस, अग्निशमन और एनडीआरएफ को सूचित किया गया। तहसील कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया।
सुबह 10:32 बजे संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचीं और परिसर में फंसे 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अभ्यास में घायल दर्शाए गए दो कर्मचारियों—विपिन कुमार (25 वर्ष) और अमित कुमार (45 वर्ष)—को प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक चिकित्सालय खटीमा भेजा गया। सुबह 11:29 बजे गैस पाइपलाइन बंद कर रिसाव पर पूरी तरह नियंत्रण पाने की कार्रवाई पूरी की गई।
काशीपुर अस्पताल के एनआईसीयू में आग लगने का अभ्यास
एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर के एनआईसीयू वार्ड में सुबह 10:15 बजे विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगने और दो नवजात शिशुओं के फंसे होने की सूचना दी गई। सुबह 10:19 बजे पुलिस, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर भेजी गईं।
फायर स्टेशन काशीपुर की टीम ने अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया और दोनों नवजात शिशुओं को सुरक्षित निकालकर चिकित्सकों की देखरेख में अस्थायी एनआईसीयू में शिफ्ट किया। विद्युत विभाग को आग लगने के कारणों की जांच की जिम्मेदारी दी गई।
बाजपुर में भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति
नेपाल के डोटी क्षेत्र में 6.3 तीव्रता के भूकंप के झटकों से पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बाजपुर की दीवारों में दरारें आने और मलबा गिरने से 121 बालिकाओं के फंसे होने की सूचना पर सुबह 10:26 बजे तहसील कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया। एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, चिकित्सा, लोक निर्माण और पूर्ति विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
अभ्यास के दौरान 80 बालिकाओं को राहत शिविर में उपचार दिया गया, जबकि 36 को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया। इसके अलावा मलबे में दबी दर्शाई गई पांच बालिकाओं—गुलफिजा (17 वर्ष), काजल (15 वर्ष), पायल (15 वर्ष), दीक्षा (15 वर्ष) और पूजा (17 वर्ष)—को एनडीआरएफ की टीम ने सुबह 11:05 बजे तक सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया।
गदरपुर की पटाखा फैक्ट्री में आग और विस्फोट की सूचना
ग्राम जीवनपुर, गदरपुर स्थित पटाखा फैक्ट्री ‘छाबड़ा एजेंसीज’ के भंडारण कक्ष में सुबह 11 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने और विस्फोट के साथ पांच लोगों के फंसे होने की सूचना दी गई। सुबह 11:10 बजे एनडीआरएफ, अग्निशमन और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। फैक्ट्री की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई।
अभ्यास के दौरान तीन घायल कर्मचारियों को अस्पताल भेजा गया। वहीं, लापता बताए गए दो कर्मचारियों को पुलिस टीम ने सुबह 11:47 बजे तक सुरक्षित खोज लिया। जानकारी के अनुसार, वे घटना के समय ही बाहर निकल गए थे। सुबह 11:59 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने की कार्रवाई पूरी की गई।
सितारगंज में एलपीजी गैस रिसाव से आग लगने का अभ्यास
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), सितारगंज परिसर में सुबह 11:15 बजे एलपीजी गैस लोडिंग के दौरान पाइपलाइन से गैस रिसाव की सूचना दी गई। सुबह 11:22 बजे अग्निशमन, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।
अभ्यास में आग की चपेट में आने से पांच कर्मचारियों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। इनमें साजन (20 वर्ष), करन (56 वर्ष), जितेन्द्र (50 वर्ष), ब्रजनन्दन (36 वर्ष) और राधेश्याम (35 वर्ष) शामिल थे। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक चिकित्सालय खटीमा भेजा गया। दोपहर 12:25 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाने की कार्रवाई पूरी की गई।
सुरई वन रेंज में वनाग्नि से निपटने का अभ्यास
खटीमा की सुरई वन रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में सुबह 11:40 बजे स्थानीय ग्रामीणों की ओर से वनाग्नि की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और वन विभाग के 32 कर्मचारी, एनडीआरएफ के 22 जवान, पुलिस, होमगार्ड तथा चार फायर टेंडर मौके पर पहुंचे।
अभ्यास के दौरान आग की चपेट में आने से चार लोगों के झुलसने की स्थिति दर्शाई गई। उन्हें एंबुलेंस से नागरिक चिकित्सालय खटीमा भेजा गया। संयुक्त टीमों ने आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।
जसपुर की लकड़ी मंडी के गोदाम में आग
जसपुर की लकड़ी मंडी क्षेत्र स्थित एक लकड़ी के गोदाम में दोपहर 12:20 बजे आग लगने की सूचना दी गई, जो कंट्रोल रूम को 12:26 बजे प्राप्त हुई। दोपहर 12:28 बजे संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए और 12:34 बजे पुलिस, स्वास्थ्य तथा अग्निशमन विभाग के वाहन मौके पर पहुंच गए।
एहतियातन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। अभ्यास में कुल पांच लोगों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई, जिनमें दो सामान्य, दो आंशिक और एक गंभीर रूप से घायल था। सामान्य और आंशिक घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर भेजा गया, जबकि गंभीर घायल को जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर किया गया। दोपहर 12:48 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई।
अपर जिलाधिकारी ने संभाली इंसिडेंट कमांडर की जिम्मेदारी
मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार ने जनपद के इंसिडेंट कमांडर की भूमिका निभाई। मॉक ड्रिल कंट्रोल रूम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, अधिशासी अभियंता विद्युत विनोद कांडपाल और जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अन्य विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से अभ्यास से जुड़े रहे।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
