उत्तराखंड के 5 जिलों को CM धामी की बड़ी सौगात, विकास कार्यों के लिए 17.75 करोड़ रुपये मंजूर

देहरादून। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच जिलों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत 17.75 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से सड़क निर्माण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण, पेयजल सुविधा और अन्य आधारभूत विकास कार्य कराए जाएंगे।

टिहरी में मंदिरों और धर्मशाला निर्माण को मंजूरी

टिहरी जिले के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के पास धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 59.26 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।

Advertisement

वहीं, देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड की ग्राम सभा बड़ोला के उरमण तोक में बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 36.19 लाख रुपये तथा डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 39.94 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

पिथौरागढ़ में मेला स्थल और संपर्क मार्गों का होगा विकास

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल के निर्माण के लिए 79.49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के तौर पर 47.69 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक पैदल अश्व मार्ग के निर्माण के लिए 29.84 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत पहली किस्त में 56.18 लाख रुपये दिए जाएंगे।

चंपावत में दूधाधारी भगवती मेला स्थल का होगा सौंदर्यीकरण

चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें पहली किस्त के रूप में 58.26 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं, चंपावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 81.96 लाख रुपये के सापेक्ष 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

टनकपुर-बनबसा में आंतरिक सड़कों के लिए 6.14 करोड़

टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 10-10 किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु 614 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य के लिए चालू वित्तीय वर्ष में पांच करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है।

हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे 250 हैंडपंप

हरिद्वार जिले के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 59.66 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 100.43 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

गदरपुर और लोहाघाट के लिए भी धनराशि मंजूर

ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए 184.37 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत अन्य विकास कार्यों के लिए 220 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इन स्वीकृतियों से विभिन्न जिलों में सड़क, पेयजल, धार्मिक स्थलों और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त