किच्छा में दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप, स्कॉर्पियो को घेरकर चलाईं पांच राउंड गोलियां चलाईं ; CCTV फुटेज वायरल

किच्छा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। किच्छा के आवास विकास क्षेत्र में शनिवार दोपहर दो वाहनों की टक्कर के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। आरोप है कि ब्रेजा कार सवार चार से पांच युवकों ने स्कॉर्पियो को घेरकर उस पर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। जान का खतरा भांपकर स्कॉर्पियो चालक ने मौके से वाहन दौड़ा दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।

वाहनों की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर आवास विकास स्थित सेंट पीटर स्कूल वाली गली में स्कॉर्पियो और ब्रेजा कार के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद ब्रेजा कार में सवार चार से पांच युवकों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने फावड़े से स्कॉर्पियो की हेडलाइट तोड़ दी। इसके बाद एक युवक ने कार का शीशा नीचे होने पर अंदर हाथ डालकर चालक को गोली मारने का प्रयास किया।

स्कॉर्पियो चालक ने भागकर बचाई जान

खतरा महसूस होने पर स्कॉर्पियो चालक ने तेजी से वाहन आगे बढ़ाया और वहां से निकलने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद ब्रेजा सवार युवकों ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि वाहन पर करीब पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियां स्कॉर्पियो की बॉडी को भेदकर निकल गईं। गनीमत रही कि चालक सुरक्षित बच निकला।

पुरानी रंजिश और वर्चस्व विवाद की आशंका

दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय स्तर पर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी दोनों गुटों के बीच फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और पुलिस की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद इलाके में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त