गुजरात में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई कार, उत्तराखंड के गढ़वाल निवासी सेना के परिवारों के 7 लोगों की मौत, 3 महीने की बच्ची भी शामिल

गुजरात। सत्य संवाद 24×7।गुजरात, 22 नवंबर 2026। गुजरात में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले सात लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित थे। जानकारी के अनुसार, सभी लोग रण ऑफ कच्छ घूमकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर उनकी कार की एक ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं। इनमें महज तीन महीने की बच्ची भी थी।

ट्रक से टक्कर के बाद दो हिस्सों में बंट गई कार

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे हुआ। कार और ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।

मृतकों में तीन महीने की मासूम बच्ची भी शामिल

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  1. सौरभ सिंह नेगी (30 वर्ष)
  2. सविता (30 वर्ष), पत्नी सौरभ सिंह नेगी।
  3. शिविका (3 महीने), पुत्री सौरभ सिंह नेगी।
  4. राजेश सिंह रावत (35 वर्ष)
  5. रक्षित (7 वर्ष), पुत्री राजेश सिंह रावत।
  6. रिंकी गोसाईं (30 वर्ष)
  7. वामिका (4 वर्ष), पुत्री रिंकी गोसाईं।

उत्तराखंड में शोक की लहर

बताया जा रहा है कि सभी लोग भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से थे और रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक का माहौल है।

इस दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। तीन मासूम बच्चियों समेत सात लोगों की असमय मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध है।

सत्य संवाद 24×7

सच के साथ, हर वक्त