रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। शहर में 30 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य श्री श्याम संकीर्तन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गांधी पार्क में हजारों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशाल आयोजन स्थल को सजाया जा रहा है। बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार, आकर्षक साज-सज्जा और प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की प्रस्तुतियां इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। मुख्य कार्यक्रम से एक दिन पहले, 29 नवंबर को शहर में भव्य निशान यात्रा भी निकाली जाएगी।
विधायक शिव अरोरा ने दी कार्यक्रम की जानकारी
आयोजन के संयोजक एवं रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने शनिवार को गांधी पार्क में पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर, सोमवार को गांधी पार्क में बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा। इसमें रुद्रपुर के साथ बिलासपुर, किच्छा, गदरपुर, रामपुर और हल्द्वानी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।
कन्हैया मित्तल भजनों से बांधेंगे समां
विधायक ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल विशेष रूप से संकीर्तन में शामिल होंगे। वह अपनी लोकप्रिय भजन प्रस्तुतियों से बाबा खाटू श्याम के दरबार में भक्तिमय माहौल बनाएंगे। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
29 नवंबर को गांधी पार्क से निकलेगी निशान यात्रा
मुख्य संकीर्तन से पहले रविवार, 29 नवंबर को भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा दोपहर 2 बजे गांधी पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजार से होते हुए गल्ला मंडी पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा का समापन श्री खाटू श्याम मंदिर, गल्ला मंडी में होगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि इस बार निशान यात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी है। इसमें रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था
30 नवंबर को गांधी पार्क में होने वाले श्री श्याम संकीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन स्थल पर बैठने, कार्यक्रम संचालन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक ने कहा कि श्री श्याम संकीर्तन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का अवसर है। उन्होंने रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा खाटू श्याम का आशीर्वाद लेने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में प्रचार सामग्री का विमोचन
पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजन से जुड़ी प्रचार सामग्री का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर श्याम मंडल के विनीत जैन, संदीप राव, प्रीत ग्रोवर, मनोज छाबड़ा, राजेश कामरा, सुनील यादव, श्रीओम, विकास सागर, हिमांशु पारीक, मयंक कक्कड़, संजीव अरोरा, मनोज मित्तल, मनोज मदान और डंप्पी चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
