हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। कुमाऊँ परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने वर्ष 2026 में व्यापक कार्रवाई की है। अब तक छह जिलों में 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि NDPS एक्ट के तहत 554 मुकदमे दर्ज कर 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 34.61 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ भी बरामद किए हैं।
इन कार्रवाई और आगामी चुनौतियों की समीक्षा के लिए शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ निवेदिता कुकरेती ने हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी की। बैठक में सभी जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों, साइबर अपराध और नशा तस्करी पर चर्चा की गई। आईजी ने आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए।
छह जिलों में 2,516 वारंटियों की गिरफ्तारी
कुमाऊँ पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक वांछित और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाते हुए कुल 2,516 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार—
- ऊधमसिंह नगर: 1,583
- नैनीताल: 537
- पिथौरागढ़: 206
- चम्पावत: 89
- अल्मोड़ा: 65
- बागेश्वर: 36
आईजी निवेदिता कुकरेती ने फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
नशा तस्करी के 554 मुकदमे, 726 आरोपी गिरफ्तार
नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य के तहत कुमाऊँ पुलिस ने NDPS एक्ट में अब तक 554 अभियोग दर्ज कर 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इनमें 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां और कैप्सूल, 2,455 नशीले इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप तथा 0.232 किलोग्राम MDMA शामिल हैं।
आईजी ने तस्करों के नेटवर्क पर निगरानी रखने और नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया।
साइबर अपराधों पर नियंत्रण के निर्देश
गोष्ठी में साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि साइबर ठगी की रकम समय रहते फ्रीज कराने और पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने के लिए NCRP, मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल और शिकायत निस्तारण मॉड्यूल का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।
नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन पर जोर
आईजी ने नवीन आपराधिक कानूनों और ICJS के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समयसीमा में आरोपपत्र और अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने, e-Sakshya का अधिकाधिक उपयोग करने तथा Zero FIR और e-Summon की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने को कहा। विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर लंबित कार्यवाहियों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां शुरू करने को कहा
आगामी विधानसभा निर्वाचन को देखते हुए सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने तथा चुनाव को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। शस्त्र लाइसेंस धारकों के शस्त्र समयबद्ध तरीके से जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।
सर्दियों और विवाह सीजन को लेकर सतर्कता
शीतकालीन मौसम में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी और पुलिस पेट्रोलिंग मजबूत करने को कहा गया। वहीं, विवाह समारोहों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
लंबित मामलों के जल्द निस्तारण पर जोर
आईजी ने थानों में लंबे समय से लंबित वाहनों के मामलों का नियमानुसार निस्तारण करने और विवेचनाओं तथा जांच संबंधी प्रकरणों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
