रुद्रपुर में बनेगा भव्य शिव कॉरिडोर, 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा से लेकर हाईटेक धर्मशाला तक होंगी सुविधाएं

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। गंगापुर रोड पर प्रस्तावित शिव कॉरिडोर को भव्य आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। मंगलवार को महापौर विकास शर्मा ने निर्माणाधीन नीलकंठ धाम का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, निर्धारित स्वरूप और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि शिव कॉरिडोर रुद्रपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में विकसित हो रहा यह प्रकल्प आने वाले समय में कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में शामिल हो सकता है।

Advertisement

तीन प्रमुख मंदिरों को जोड़कर बनेगा शिव कॉरिडोर

महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 14 फरवरी को रुद्रपुर आगमन के दौरान शिव कॉरिडोर की घोषणा की गई थी। योजना के तहत नीलकंठ धाम मंदिर, गोल्ज्यू देवता मंदिर और परिसर के पीछे स्थित शिव मंदिर को आपस में जोड़कर विकसित किया जा रहा है।

नीलकंठ धाम में मंदिर के नीचे विशाल बेसमेंट हॉल बनाया जाएगा। इसका उपयोग भजन-कीर्तन, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा। मंदिर परिसर में भगवान महादेव और माता पार्वती के साथ मां दुर्गा, मां काली, श्री बालाजी महाराज, भैरव बाबा, प्रेतराज जी, महंत जी महाराज, भगवान श्रीराम-सीता और राधा-कृष्ण की स्थापना की योजना है।

परिसर में स्थापित होगी 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप शिव कॉरिडोर परिसर में भगवान शिव की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनेगी। इसके साथ ही शहर में भव्य त्रिशूल स्थापित किया जा चुका है और डमरू लगाने की तैयारी चल रही है। परिसर में आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने की योजना भी है।

श्रद्धालुओं के लिए हाईटेक धर्मशाला और यज्ञशाला

शिव कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक धर्मशाला बनाई जाएगी। इसमें यात्रियों के ठहरने के लिए कमरे उपलब्ध होंगे। इसका लाभ आदि कैलाश, केदारनाथ, जगन्नाथ, मां पूर्णागिरि, जागेश्वर धाम और मां हाट कालिका जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिल सकेगा।

इसके अलावा परिसर में यज्ञशाला बनाई जाएगी, जहां श्रद्धालु हवन, यज्ञ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर सकेंगे। लोगों के बैठने और टहलने के लिए आकर्षक फुटपाथ तथा पार्किंग की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

ध्यान और साधना के लिए बनेगा मेडिटेशन हाउस

महापौर के अनुसार, परिसर में सुंदर वाटिका विकसित करने के साथ हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण किया जा रहा है। यहां मेडिटेशन हाउस बनाने की भी योजना है, ताकि लोग ध्यान और साधना के माध्यम से शांति का अनुभव कर सकें। उनका कहना है कि कॉरिडोर को ऐसा स्थान बनाया जाएगा, जहां युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और परिवार के लोग धार्मिक गतिविधियों के साथ कुछ समय सुकून से बिता सकें।

परिसर में पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पहले से आयोजित होने वाले बालाजी दरबार सहित अन्य धार्मिक गतिविधियां फिर से शुरू की जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान ये लोग रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, वरिष्ठ नेता भारत भूषण चुघ, पार्षद पवन राणा, चिराग कालरा, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अमन सिंह विर्क, सुशील अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, कुलबीर सिंह, गौरव जुयाल और मनीष छाबड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त