मोहान से चौखुटिया तक 101 किमी सड़क को NH-109 बनाने की मांग, सांसद अजय भट्ट ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र

हल्द्वानी। सत्य संवाद 24×7। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मोहान से भतरौजखान, भिकियासैंण और मौसी होते हुए चौखुटिया तक के मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर करीब 101 किलोमीटर लंबे मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को हस्तांतरित करने और दो लेन में चौड़ीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है।

पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए महत्वपूर्ण है मार्ग

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में कहा कि यह सड़क कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। इसका उपयोग स्थानीय आवागमन के साथ-साथ पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए भी किया जाता है। रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों तथा चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह मार्ग उपयोगी है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि सड़क की सीमित चौड़ाई और लगातार बढ़ते यातायात के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। इससे स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मार्ग को दो लेन में विकसित किए जाने से यातायात अधिक सुगम होने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

डीपीआर और वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया का किया उल्लेख

सांसद ने पत्र में बताया कि इस मार्ग के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा चुकी है। इसके साथ ही वनभूमि हस्तांतरण से संबंधित कार्रवाई भी गतिमान है।

अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मार्ग के सामरिक, आर्थिक और पर्यटन संबंधी महत्व को देखते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने तथा चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना के आगे बढ़ने से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा, यात्रियों को राहत मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त