बाजपुर, सत्य संवाद 24×7। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर दोराहा-कनौरा के पास मंगलवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक बंद पुल के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पौड़ी गढ़वाल निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय बाजपुर पहुंचाया गया।
बिना रिफ्लेक्टर और संकेतक के बंद था पुल
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर दोराहा-कनौरा के पास एक ओर का पुल बंद था। आरोप है कि पुल बंद होने के बावजूद वहां न तो रिफ्लेक्टर लगाए गए थे और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेतक मौजूद थे। अंधेरा होने के कारण बाइक सवारों को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे उससे जा टकराई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलने पर दोराहा चौकी में तैनात पुलिसकर्मी राजेशचंद्र गोस्वामी और विजयपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना के बाद बंद पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि पुल बंद था, तो वाहन चालकों को पहले से सचेत करने के लिए पर्याप्त रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाए जाने चाहिए थे। स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि हाईवे पर निर्माण या मरम्मत के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
सत्य संवाद 24×7

